घर-घर में विराजेंगी इकोफ्रेंडली गणेश प्रतिमाएं

खंडवा। गणेश चतुर्थी से पहले गणेश प्रतिमाओं का निर्माण तेज हो गया है। इस बार लोगों में इको फ्रेंडली गणेश प्रतिमाएं विराजित करने का उत्साह नजर आ रहा है। महिला संगठन और कलाकार लोगों को इकोफ्रेंडली प्रतिमाएं बनाने का निशुल्क प्रशिक्षण दे रहे हैं, वहीं कलकत्ता से आए बंगाली कलाकार भी मिट्टी की गणेश प्रतिमाएं तैयार कर रहे हैं।

जसवाड़ी रोड पर कलकत्ता से आए कलाकार गंगाघाट की मिट्टी से गणेश प्रतिमाएं बना रहे हैं। यहां सार्वजनिक गणेश मंडलों के लिए पांच से 15 फीट तक की गणेश प्रतिमाएं हैं। विविध रूपों में गणेश प्रतिमाओं का निर्माण किया गया है। इसी तरह क्रिएटिव क्वींस क्लब की महिलाएं भी स्कूलों और विभिन्न संगठनों को इकोफ्रेंडली गणेश प्रतिमाएं बनाने का प्रशिक्षण दे रही हैं।

शुक्रवार को क्लब की श्वेता गोयल, मेघा अग्रवाल, मोनिका गोयल, पूजा जैन सहित अन्य ब्रज नगर में पहुंची। यहां शिव मंदिर प्रांगण में महिला मंडल की उषा तिवारी सहित अन्य को इकोफ्रेंडली गणेश प्रतिमाएं बनाने का प्रशिक्षण दिया गया। क्लब की महिलाएं विभिन्न निजी व शासकीय स्कूलों में जाकर भी बच्चों को ऐसी प्रतिमाएं बनाने का प्रशिक्षण दे रही हैं।