न्यायाधीश के बंगले से चंदन का पेड़ काटकर ले गए बदमाश

खंडवा। चंदन चोर गिरोह ने सिविल लाइन क्षेत्र में दूसरी बार सेंध लगाई है। इस बार द्वितीय अपर सत्र न्यायाधीश एके सिंह के बंगले में लगा चंदन का पेड़ काटा है। इस वारदात होने से क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। पूर्व में हुई चोरी में पुलिस एक भी बदमाश का सुराग नहीं लगा पाई है।

बदमाशों ने न्यायाधीश सिंह के यहां लगे चंदन के पेड़ को अपना निशाना बनाया। शनिवार रात को बदमाश पेड़ काटकर ले गए। रविवार सुबह करीब 6.30 बजे न्यायाधीश सिंह बाहर जाने के लिए निकले तो आंगन में लगा पेड़ कटा देखकर दंग रह गए। बदमाशों ने बड़ी सफाई से पेड़ काटा है। इसकी भनक भी उन्होंने किसी को लगने नहीं थी। आंगन में पेड़ की कुछ टहनियां वे छोड़ गए। सूचना पर कोतवाली से दो पुलिसकर्मियों ने घटनास्थल का जायजा लिया। बंगले में चंदन के दो और भी पेड़ हैं। इस क्षेत्र में चंदन का पेड़ चोरी की यह पहली घटना नहीं है। करीब एक माह पहले 15 जुलाई को न्यायाधीश सिंह के बंगले के निकट महिला बाल विकास अधिकारी राजेश गुप्ता के यहां का पेड़ चोरी हुआ था। इसी तरह से चार स्थानों पर चंदन के पेड़ काटकर बदमाश ले गए थे। कुटुम्ब न्यायालय के जज, महिला बाल विकास अधिकारी, महिला इंस्पेक्टर के बंगले में लगे चंदन के पेड़ चोरी हुए थे। इसके अलावा पुलिस लाइन स्थित शस्त्रागार के सामने बगीचे से भी पेड़ चोरी हुआ। इस घटना को एक माह से अधिक का समय होने जा रहा है लेकिन पुलिस अभी तक चंदन चोरों का सुराग नहीं लगा पाई है। पेड़ चोरी की शिकायत न्यायाधीश सिंह ने कोतवाली में की है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी पर प्रकरण दर्ज किया है। सीएसपी शेषनारायण तिवारी ने बताया कि चंदन चोर गिरोह सक्रिय हो सकता है। बदमाशों का सुराग जुटाने में पुलिसकर्मी लगे हुए है।