विक्षिप्त महिलाओं की सुरक्षा के लिए  शुरू हुआ अभियान

खंडवा। नगर में विक्षिप्त महिलाओं को सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से अभियान चलाया जा रहा है। दीपावली के पश्चात चलाए जा रहे इस अभियान के दूसरे दिन भी रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड एवं अन्य स्थानों से तीन विक्षिप्त महिलाओं को ले जाकर जिला अस्पताल में स्वास्थ परीक्षण करवाया गया। स्वास्थ परीक्षण के पश्चात कोर्ट द्वारा आदेश लेने के उपरांत इन्हें उज्जैन व इंदौर मानसिक चिकित्सालय भेजा जाएगा।

कई स्थानों पर विक्षिप्त महिलाएं जो अपने पारिवारिक कारणों से परिवार को छोड़कर इधर-उधर भटक रहीं हैं ऐसी महिलाओं को सुरक्षा प्रदान करने के लिए जिला कलेक्टर अभिषेक सिंह के निर्देश पर विशेष अभियान चला जा रहा है और इस कार्य हेतु दल का गठन भी किया गया है। कलेक्टर श्री सिंह द्वारा मुख्य रूप से इन महिलाओं की सुरक्षा के लिए महिला बाल विकास विभाग को निर्देशित किया गया है। जिसमें महिला बाल विकास, सीड संस्था, समाजसेवी, पुलिस विभाग, महिला सशक्तिकरण, नगर निगम व स्वास्थ विभाग की पूरी टीम सक्रिय होकर ऐसी विक्षिप्त महिलाओं को ढंूढकर सुरक्षा प्रदान करने जा रही है। देखने में आता है कि शहर के बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, बांबे बाजार, घंटाघर व अन्य स्थानों पर परिवार से पीडि़त ऐसी कई महिलाएं इधर-उधर घूम रही हैं जिनका पालन-पोषण नहीं हो पा रहा है और वे इसी प्रकार भटक कर अपना जीवन व्यतीत कर रही है। यह अभियान इन महिलाओं को सार्थकता और सुरक्षा प्रदान करेगा। समाजसेवी सुनील जैन ने बताया कि इस अभियान के पहले दिन चार दल अलग-अलग स्थानों पर भेजे गए जिसमें सीड संस्था की अध्यक्ष व दल लीडर अनिता सिंह के नेतृत्व में महिला बाल विकास अनिता वास्कले, समाजसेवी सुनील जैन, मुख्त्यार मनिहार, शौर्य दल की अर्चना पटेल, महिला आश्रम गृह से शारदा मीणा, पुलिस महिला आरक्षक अनिता चौहान, दुर्गा आर्से, रीना मंडलोई द्वारा रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र से चार महिलाओं की शिनाख्त की गई जिसमें दो महिलाओं को दल द्वारा जिला चिकित्सालय भेजा गया तत्पश्चात उन्हें सुरक्षा के लिए महिला आश्रम भेजा गया। यह अभियान सतत चलता रहेगा जिससे इन महिलाओं की सुरक्षा हो सके। उल्लेखनीय है कि कुछ माह पूर्व इसी प्रक्रिया के अंतर्गत छह महिलाओं  की स्वास्थ परीक्षण कराकर कोर्ट के आदेशानुसार इंदौर व उज्जैन महिला आश्रम भेजा गया था। कुछ दिन पूर्व सीड संस्था की अध्यक्ष अनिता सिंह एवं समाजसेवी सुनील जैन ने विगत दिनों जिला कलेक्टर अभिषेक सिंह से मुलाकात कर ऐसी महिलाओं की जानकारी देकर उन्हें अवगत कराया था। कलेक्टर श्री सिंह तत्काल संबंधित विभागों को इस कार्य के लिए दल बनाकर ऐसी महिलाओं को सुरक्षा प्रदान करने के निर्देश दिए थे