लोक आस्था के महापर्व छठ पर व्रती परिवारों ने दिया अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को अध्र्य 

खंडवा। लोक आस्था के महापर्व छठ की छटा गुरुवार शाम आबना नदी के गणगौर घाट एवं महर्षि गौतम नगर के सूरजकुंड घाट पर छाई रही। शाम साढ़े तीन बजे से ही घाट पर ‘कांचहि बांस के बहंगिया बहंगी लचकत जाए…, दर्शन दीहीं ना अपन ये छठी मइया..जैसे गीत गूंज उठे। व्रती महिला-पुरुष ने घर के बने पकवान और फल-फूल से आबना के तट पर गंगाजल से भगवान सूर्य को अध्र्य दिया। अध्र्य के लिए बिहार से मां गंगा का जल भक्तों ने बुलाया था। शुक्रवार सुबह उगते सूर्य का गाय के दूध से अध्र्य के साथ चार दिनी व्रत पूरा होगा। गणगौर एवं सूरजकुंड घाट पर गन्ने के मंडप के नीचे माता की बेदी बनाकर भक्तों ने भगवान सूर्य की आराधना की। बांस से बने डाल और सूप में प्रसाद रखकर माता की पूजा हुई। माता को ठेकुआ (आटा और गुड से बना प्रसाद), सूखा और कच्चा नारियल, छुहारा, किशमिश, काजू, पंचमेवा, सेव, केला, अनार, गन्ना, नारंगी, अमरूद, नाशपती, शकरकंद, सीताफल समेत मौसमी फल का भोग लगाया। महापर्व छठ पूजा समिति के एसजे श्रीवास्तव ने बताया घाट पर पूजन के बाद प्रासाद का वितरण किया जाएगा। समाजसेवी व पार्षद सुनील जैन ने बताया कि पूर्व वर्ष छठ पूजा के दिन महापौर सुभाष कोठारी द्वारा घाट निर्माण की घोषणा की गई थी। निर्माण के लिए निगम प्रशासन द्वारा टेंडर की प्रक्रिया हो चुकी है और शीघ्र ही घाट निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। गणगौर घाट पर छठ पूजा के दिन बड़ी संख्या में सामाजिक बंधुओं ने उपस्थित होकर सूर्य अध्र्य चढ़ाया एवं भक्तिभाव से पूजा की जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुई। आयोजित कार्यक्रम में महापौर सुभाष कोठारी, पार्षद सुनील जैन, रिंकू सोनकर, मोहन गंगराड़े, माधव झा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी पहुंचकर सामाजिक बंधुओं को छठ पर्व की शुभकामनाएं दी। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष व सांसद नंदकुमारसिंह चौहान व विधायक देवेन्द्र वर्मा ने भी छठ पर्व की सभी को शुभकामनाएं दी। घाट पर नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग ने सफाई एवं बिजली विभाग ने प्रकाश की व्यवस्था की। व्रती परिवारों एवं घाट पर माता के दर्शन पूजन के लिए लोगों की सुरक्षा के लिए होमगार्ड के जवान सुरक्षा बोट एवं लाइफ जैकेट पहनकर तैनात रहे। महापर्व छठ पूजन के आयोजन में समिति के सुधीर शर्मा, संतोष शर्मा, सुभाष सिंह, संजय शर्मा, किशोरी प्रसाद, आरके चौधरी, दुर्गेश पांडे का सहयोग रहा।
इन परिवारों ने किया पूजन
गणगौर घाट पर एसजे श्रीवास्तव, शैलेंद्र सिंह, आलोक तिवारी, एसके शर्मा, आदित्य सिंह, हीरालाल, राजेंद्र कुवर, संजय तिवारी, राधेश्याम, अजीत भार्गव, चंद्रप्रकाश शर्मा, केके सिंह, एसके वर्मा, अरविंद सिंह, राजकुमार ओझा, गौरव झा, अविनाश सिंह, संजय तिवारी, सूरजकुंड घाट पर अंजनी सिंहा के परिवार ने छठी मैया का पूजन किया।