यू ट्यूब पर धूम मचा रहे ग्रामीण परिंदे

खंडवा। जिले के गांव गंभीर के दो भाई यू-ट्यूब पर मनोरंजन का अलग संसार रच रहे हैं। दोनों द्वारा हाल ही में बनाया गया एलबम ‘परिंदे बे फिकर’ यू-ट्यूब पर खासा पसंद किया जा रहा है। एलबम के लिए बड़े भाई ने गाना लिखा। निर्देशन किया। छोटे भाई ने गीत गाया। धुन तैयार करने के साथ ही दोनों ने एलबम में अभिनय भी किया है। इसके अलावा तीन और कलाकार भी हैं। 
गीतकार और निर्देशक बड़े भाई अर्पित शर्मा ने बताया मेरे सहित छोटे भाई पुल्कित का बचपन से ही गीत-संगीत और अभिनय की तरफ रुझान रहा। स्कूल-कॉलेज के समय नाटकों में भी भाग लिया। ग्राम गंभीर के सरकारी स्कूल में शिक्षक पिता राकेश शर्मा और मां सुषमा शर्मा ने कभी भी पढ़ाई को लेकर बेवजह का दबाव नहीं बनाया। उनका मानना है बच्चा जिस क्षेत्र में आगे बढ़ना चाहे, उसे बढ़ने दें। हो सकता है उसका बेहतर कॅरियर इसमें ही हो। एलबम के गायक पुल्कित ने बताया दोनों भाईयों ने ही धुन तैयार की। ‘टेंशन की जंजीरें तोड़कर उड़ने दे परिंदे बे फिकर’ गीत को लोग खूब पसंद कर रहे हैं। एलबम की शूटिंग हमने इंदौर में ही की है। दोनों ने बताया इससे पहले भी हम राजस्थानी एलबम ‘पगड़ी’ बना चुके हैं। इसे भी यू-ट्यूब पर खूब पसंद किया गया। 
फिलहाल इंदौर में रह रहे अर्पित एमबीए कर रहे हैं। पुल्कित यहीं संगीत सीख रहे हैं। दोनों ने बताया एक एलबम पर करीब 25 से 30 हजार रुपए खर्च आता है। इसके लिए हम परिवार से रुपए नहीं लेते। इसका खर्च दोनों नौकरी कर जुटाते हैं। दोनों का मानना है आज जमाना बदल गया है। किसी के पास समय नहीं है कि मनाेरंजन के नाम पर दो-तीन घंटे दें। हम चार-पांच मिनट के एलबम से उन्हें स्वस्थ मनोरंजन दे पा रहे हैं। यही खुशनसीबी है। अर्पित ने चारवा के नवोदय विद्यालय में 6वीं से 12वीं तक की पढ़ाई की। पुल्कित की पढ़ाई खिरकिया में हुई। दोनों भाई गीत-संगीत और अभिनय के क्षेत्र में ही कुछ कर गुजरना चाहते हैं। उन्हें परिवार का पूरा सहयोग मिल रहा है।