पीएम से भी बड़ा फेंकू बताया सीएम को

खंडवा। 422 किमी पर संत सिंगाजी मंदिर में नर्मदा यात्रा का पड़ाव हुआ। समाधि पर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने पत्नी अमृता सिंह के साथ तट पर मां नर्मदा की आरती की। चुनरी, शॉल और श्रृंगार सामग्री भेंट अर्पित की। यहां का दृश्य देख भाव विभोर हुए दिग्विजय सिंह ने पत्नी से कहा- 17 साल पहले यहां आया था। तब यह नजारा नहीं था। आज समाधि के चारों तरफ मां नर्मदा आ गई है। 
पूर्व विधायक राजनारायण सिंह, विधानसभा अध्यक्ष उत्तम पाल सिंह और पूरनी परिवार द्वारा सोमगांव से संत सिंगाजी महाराज समाधि स्थल तक की गई खाने-पीने सहित अन्य बेहतर व्यवस्थाओं पर दिग्विजय सिंह ने राजनारायण सिंह की पीठ थपथपाई। कहा- ऐसी व्यवस्था हमने कहीं नहीं देखी। दिग्विजय सिंह पत्नी के साथ सिंगाजी घाट पर मां नर्मदा का शृंगार करने उतरे तो राजनारायण सिंह ने उनके पैर छू लिए। दिग्विजय सिंह ने आशीर्वाद दिया तो राजनारायण सिंह की आंखें नम हो गईं। यह देखकर पूर्व मुख्यमंत्री भी आंसू नहीं रोक पाए। इस आशीर्वाद के मौके पर मौजूद कार्यकर्ताओं ने अलग-अलग मायने निकाले। चर्चा रही कि जल्द ही पूर्व विधायक की कांग्रेस में वापसी हो सकती है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष भी पहुंचे यात्रा में शामिल होने – कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव भी नर्मदा यात्रा में शामिल होने के लिए सिंगाजी पहुंचे, लेकिन यात्रा यहां से रवाना हो चुकी थी। बीड़ में कांग्रेस नेता नारायण पटेल और संदीप जायसवाल के समर्थकों ने दिग्विजय सिंह, अमृता सिंह और अरुण यादव का स्वागत किया। यहां यात्रा में शामिल भक्त और ग्रामीणों के लिए भोजन की व्यवस्था भी की गई। जिला महामंत्री संदीप जायसवाल के निवास पर दिग्विजय सिंह और अमृता सिंह ने तीन घंटे आराम किया। मोहद में किशन देवड़ा अौर ग्रामीणों ने यात्रा का स्वागत किया। मूंदी रवाना होने पर जगह-जगह यात्रा का स्वागत किया गया। बुखारदास बाबा मंदिर में कांग्रेस नेता नारायण पटेल ने भोजन और रात्रि विश्राम की व्यवस्था की।
मांधाता विधानसभा में नर्मदा यात्रा पहुंचते ही विधानसभा चुनाव में टिकट के दावेदार भी सक्रिय नजर आए। दावेदार अपने समर्थकों के साथ संत सिंगाजी से बीड़ तक पैदल चले। जयकारे लगाए। होर्डिंग-बैनर लगाने में व्यस्त रहे। पूरा माहौल विधानसभा चुनाव की तरह नजर आया। यात्रा में सचिन यादव, सचिन बिरला, पूर्व विधायक राजनारायण सिंह, उत्तमपाल सिंह, नारायण पटेल, जिला महामंत्री संदीप जायसवाल, सरपंच बालकृष्ण अग्रवाल, सुरेश खनूजा सहित कई नेता मौजूद रहे। बीड़ में भोजन कर दिग्विजय सिंह ने तीन घंटे आराम किया।
यात्रा के दौरान अरुण यादव ने मीडिया के सामने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी बड़ा फेंकू बताया। उन्होंने कहा मुख्यमंत्री कहते हैं कि मप्र की सड़कें अमेरिका से बेहतर हैं, लेकिन यहां की सड़कों पर लोगों का चलना मुश्किल है। हनुवंतिया जल महोत्सव पर उन्होंने कहा यहां पानी ही नहीं है तो फिर करोड़ों रुपए बर्बाद कर जल महोत्सव क्यों मनाया जा रहा है। मुख्यमंत्री के सामने जले हनुवंतिया के कॉटेज की जांच कराई जाना चाहिए। अरुण यादव बोले मप्र में कांग्रेस मजबूत हो गई है। 2018 के चुनाव में हमारी ही सरकार बनेगी।