दो सगी बहनें ताइक्वांडो में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बना रहीं पहचान

खंडवा | शहर से करीब 15 किमी दूर छैगांव माखन जैसे छोटे से गांव से निकलकर दो सगी बहनों ने ताइक्वांडो में राज्य और राष्ट्रीय ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। दोनों बहनों ने पदक जीते हैं। बचपन से ही खेल से जुड़कर दोनों बहनों ने कड़ी मेहनत से यह मुकाम पाया है। दोनों बड़ी स्पर्धाओं में भी बेहतर प्रदर्शन कर अपने गांव और खंडवा का नाम रोशन करना चाहती हैं। ये बहनें हैं छैगांव माखन की सुमन और सोनम राजपूत। सुमन ने पिछले दिनों दिल्ली में हुई पोकीमॉन कप अंतरराष्ट्रीय स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता। वहीं सोनम ने राज्य स्तरीय स्कूल गेम्स में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। सुमन ने हाल ही में हुई अंतर महाविद्यालयीन स्पर्धा में संभाग स्तर पर स्वर्ण पदक जीतकर राष्ट्रीय स्पर्धा में स्थान पाया। सोनम ने शालेय खेल में राष्ट्रीय स्तर पर स्थान निश्चित किया है।