राजस्थान में अनोखी शादी: ट्रैक्टरों से निकली बारात!

राजस्थान में अनोखी शादी: ट्रैक्टरों से निकली बारात!

राजस्थान में अनोखी शादी: ट्रैक्टरों से निकली बारात!

जयपुर(Digital Desk): राजस्थान की होने वाली शादियां अक्सर देश- दुनिया में चर्चा का विषय बन जाती है। एक बार फिर प्रदेश की एक शादी ने लोगों का ध्यान खींचा है। राजस्थान से एक अनोखी शादी की तस्वीर लोगों को लुभा रही है। यहां एक किसान अपने बेटे की शादी में 101 ट्रैक्टर से बारात लेकर पहुंचा। जिले के हिराणी निवासी किसान दयालराम डोडवाडिया के बेटे महेंद्र की शादी में यह अनोखा नजारा देखने को मिला। इस दौरान जिस समय सड़क पर बारात में शामिल ट्रैक्टरों काफिला निकला तो हर कोई उसे देख हैरान रह गया। एक किमी लंबा, दूर तक का यह काफिला लोगों को लुभा रहा था।

पिता बोले- हमारी पहचान ट्रैक्टर, इसलिए किसानों के साथ ट्रैक्टर पर पहुंचें

दूल्हे के पिता और किसान दयाल राम डोडवाडिया ने बताया- हम खेती-बाड़ी का काम करते हैं और धरती पुत्र किसानों की पहचान ट्रैक्टर ही है। ट्रैक्टरों पर बारात ले जाने का मकसद था कि हम हमारे किसान साथियों को साथ लेकर जाएं, इसीलिए सभी किसान अपने ट्रैक्टरों के साथ बारात में शामिल हुए। दूल्हा महेंद्र फिलहाल बीएड कर रहा है। जबकि दुल्हन सुमन ने 10वीं तक की शिक्षा हासिल की हुई है।

चचेरे भाई और ताऊ का आइडिया सभी को पसंद आया

पूरी बारात ट्रैक्टरों पर ही निकाली गई। यहां तक कि खुद दूल्हा भी सजे धजे ट्रैक्टर पर ही सवार होकर दुल्हनिया को लेने गया था। यहां तक कि महिलाएं भी ट्रैक्टरों पर सवार नजर आई। बारात में 450 बाराती शामिल हुए। साथ ही रिश्तेदारों में कुछ महिलाओं के लिए अलग से 10 से 12 अन्य गाड़ियों से आने- जाने की भी व्यवस्था की गई थी।

ट्रैक्टरों से बारात ले जाने का यह आइडिया दूल्हे के चचेरे भाई कमलकांत और ताऊ बुधाराम का था। भतीजे और बड़े भाई की बात पर दूल्हे के पिता दयालराम राजी हो गए। कमलकांत भाजपा में चिकित्सा प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष हैं जबकि ताऊ बुधाराम पेशे से सरकारी शिक्षक हैं।