खंडवा। सेवा, संस्कार और आस्था का अनूठा उदाहरण सोमवार, 13 जुलाई 2026 को ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग में देखने को मिला। जय महाराणा रक्तदान समूह भारत के संस्थापक एवं अध्यक्ष रक्तमित्र शैलू मण्डलोई ने अपने पुत्र ओम मण्डलोई और बेटी के जन्मदिन को यादगार बनाने के लिए रक्तदान किया। इस अवसर पर उन्होंने समाज को जन्मदिन रक्तदान कर मनाने का संदेश भी दिया।
रक्तमित्र शैलू मण्डलोई ने अपना 65वां रक्तदान किया, जबकि उनके पुत्र ओम मण्डलोई ने 5वां रक्तदान कर इस सेवा कार्य में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाई। रक्तदान के उपरांत दोनों ने बाबा ओंकारेश्वर के VIP प्रोटोकॉल के तहत दर्शन कर भगवान का आशीर्वाद प्राप्त किया।
शैलू मण्डलोई ने बताया कि रक्तदाताओं को ओंकारेश्वर में VIP दर्शन की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए उन्होंने लगभग तीन वर्षों तक लगातार प्रयास किए और इस संबंध में जिला प्रशासन को सुझाव एवं प्रस्ताव दिए। उनके प्रयासों के बाद जिला प्रशासन और मंदिर ट्रस्ट के सहयोग से यह व्यवस्था शुरू की गई। वर्तमान में ओंकारेश्वर में हाईटेक ब्लड कलेक्शन सेंटर संचालित है, जहां प्रतिदिन देशभर से आने वाले श्रद्धालु रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश देते हुए बाबा ओंकारेश्वर के दर्शन करते हैं।
इस पहल का लाभ केवल खंडवा जिले तक सीमित नहीं है, बल्कि आसपास के जिलों के मरीजों को भी समय पर रक्त उपलब्ध हो रहा है। रक्तदान के प्रति बढ़ती जागरूकता से जरूरतमंदों को नई जिंदगी मिलने में मदद मिल रही है।
इस अवसर पर शैलू मण्डलोई ने कहा, “यह मेरे लिए गर्व की बात है कि इस नवाचार से मेरे शहर के साथ-साथ अन्य जिलों के मरीजों की भी सहायता हो रही है। मैंने इसकी इतनी बड़ी कल्पना नहीं की थी, लेकिन बाबा ओंकारेश्वर की कृपा से यह अभियान लगातार आगे बढ़ रहा है। रक्तदान सबसे बड़ा दान है। मेरा सभी से आग्रह है कि जन्मदिन और अन्य विशेष अवसरों को रक्तदान कर जीवनदान के रूप में मनाएं।”
