विश्व जनसंख्या दिवस पर जागरूकता अभियान, सास-बहू सम्मेलनों में बताए परिवार नियोजन के फायदे

विश्व जनसंख्या दिवस पर जागरूकता अभियान, सास-बहू सम्मेलनों में बताए परिवार नियोजन के फायदे

विश्व जनसंख्या दिवस पर जागरूकता अभियान, सास-बहू सम्मेलनों में बताए परिवार नियोजन के फायदे

खंडवा। विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर जिले में जनसंख्या नियंत्रण और परिवार कल्याण से जुड़े विषयों पर विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में किल्लौद और हरसूद विकासखंड के कई गांवों में सास-बहू सम्मेलन आयोजित किए गए।

किल्लौद विकासखंड के ग्राम रोसड़, बिल्लौद, मालूद, झागरिया, मिनावा, सोमगांव, गंभीर और हरसूद विकासखंड के ग्राम रेवापुर में आयोजित सम्मेलनों में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया।

किल्लौद की खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. नीलम मिश्रा ने बताया कि सम्मेलनों में सीएचओ और एएनएम द्वारा महिलाओं को छोटे परिवार के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही परिवार नियोजन के अस्थायी साधनों, मातृत्व स्वास्थ्य और शिशु स्वास्थ्य से संबंधित जानकारी भी साझा की गई।

कार्यक्रम के दौरान सास-बहू के बीच बेहतर आपसी सामंजस्य, बच्चों में उचित अंतराल रखने और स्वस्थ परिवार के निर्माण पर चर्चा की गई। महिलाओं को बताया गया कि परिवार नियोजन अपनाने से माता और बच्चे दोनों का स्वास्थ्य बेहतर रहता है।

डॉ. नीलम मिश्रा ने कहा कि वर्तमान समय में बेटा-बेटी समान हैं। बेटियां भी शिक्षा प्राप्त कर विभिन्न क्षेत्रों में उच्च पदों पर कार्य कर परिवार और समाज का नाम रोशन कर रही हैं। उन्होंने बालिकाओं को उच्च शिक्षा दिलाने पर जोर देते हुए कहा कि शिक्षित बेटियां अपने परिवार की बेहतर देखभाल करने में सक्षम होती हैं।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित इन कार्यक्रमों का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में परिवार नियोजन, महिला स्वास्थ्य और बालिका शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।