खंडवा। 29वीं मध्य प्रदेश राज्य स्तरीय और तीसरी मध्य प्रदेश प्री-स्टेट शूटिंग प्रतियोगिता का आयोजन हाल ही में बीएसएफ रेवती रेंज, इंदौर में किया गया। प्रतियोगिता में खंडवा जिले के निशानेबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल सात पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया।
जिले के खिलाड़ियों ने कोच काशिफ लियाकत के मार्गदर्शन में प्रतियोगिता में हिस्सा लिया और विभिन्न स्पर्धाओं में बेहतरीन प्रदर्शन किया।
50 मीटर राइफल टीम स्पर्धा में अब्दुल अहद कुरैशी, विशाल ठाकुर और मोहनीश हबीब की टीम ने शानदार निशाना लगाते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं 10 मीटर राइफल स्पर्धा में दिव्या हिरानी और आराध्य शर्मा ने स्वर्ण पदक हासिल कर सफलता दर्ज की।
इसी स्पर्धा में अश्विन मूलचंदानी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीता। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर जिले में खुशी का माहौल है।
समाजसेवी कमल नागपाल और मनीष कुमार मलानी ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की यह सफलता जिले के अन्य युवाओं को भी खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।
