हरसूद। शासकीय सांदीपनि विद्यालय, हरसूद में बुधवार को विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विद्यार्थियों को उनके अधिकारों, कानूनी सहायता और सड़क सुरक्षा नियमों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में व्यवहार न्यायाधीश हरसूद राकेश भिड़े उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को नालसा की “बच्चों के लिए मैत्रीपूर्ण विधिक सेवाएं एवं उनके संरक्षण” योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि किसी भी प्रकार की समस्या, शोषण, हिंसा या उत्पीड़न की स्थिति में बच्चों के अधिकारों की सुरक्षा के लिए विधिक सेवा प्राधिकरण सदैव सहायता के लिए उपलब्ध रहता है। विद्यार्थियों को कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और जरूरत पड़ने पर विधिक सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया।

शिविर में मोटरयान अधिनियम, सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों की भी जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, यातायात संकेतों का सम्मान करने और बिना ड्राइविंग लाइसेंस वाहन नहीं चलाने की सलाह दी गई।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य रामकृष्ण पटवारे, शिक्षकगण और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
