खंडवा। श्रावण मास में महादेवगढ़ में आयोजित होने वाले महाअनुष्ठान और सवा लाख हनुमान चालीसा पाठ को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में दादाजी भजन मंडल के सदस्यों ने खेड़ापति हनुमान मंदिर पहुंचकर आयोजन के लिए पंजीयन कराया।
दादाजी भजन मंडल के अखिलेश गुप्ता, प्रेम नारायण पीपलोनिया और राकेश पालीवाल ने खेड़ापति हनुमान मंदिर में पहुंचकर सवा लाख हनुमान चालीसा पाठ के संकल्प का पंजीयन कराया। इस दौरान उन्होंने हनुमान महाराज को एक माह तक चलने वाले हनुमान चालीसा पाठ में भक्तों को आशीर्वाद देने के लिए उपस्थित रहने का निमंत्रण भी दिया।
निमंत्रण कार्यक्रम के दौरान खेड़ापति हनुमान मंदिर के पुजारी हर्ष शुक्ला मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि महादेवगढ़ में होने वाले इस धार्मिक आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह है और अधिक से अधिक भक्तों से हनुमान चालीसा पाठ के संकल्प का पंजीयन कराया जा रहा है।
आयोजकों ने श्रद्धालुओं से अधिक संख्या में शामिल होकर इस धार्मिक अनुष्ठान में भागीदारी करने की अपील की है।
