533 स्लॉट बुक, खरीदी सिर्फ 692 क्विंटल; सरकारी व्यवस्था से किसान नाराज

533 स्लॉट बुक, खरीदी सिर्फ 692 क्विंटल; सरकारी व्यवस्था से किसान नाराज

533 स्लॉट बुक, खरीदी सिर्फ 692 क्विंटल; सरकारी व्यवस्था से किसान नाराज

खंडवा। जिले में सरकारी स्तर पर चल रही मूंग खरीदी की प्रक्रिया धीमी गति से आगे बढ़ रही है। स्थिति यह है कि जिले के सात खरीदी केंद्रों पर अब तक अपेक्षित संख्या में किसान नहीं पहुंच पाए हैं। कई केंद्रों पर खरीदी का काम बेहद कम हुआ है।

विभागीय जानकारी के अनुसार, जिले में करीब 7 हजार किसानों का पंजीयन हुआ है, लेकिन अब तक केवल 533 किसानों ने ही स्लॉट बुक किए हैं। इनमें से भी मात्र 122 किसान खरीदी केंद्रों पर पहुंचकर अपनी मूंग की उपज बेच सके हैं। सरकारी रिकॉर्ड के मुताबिक अब तक कुल 692 क्विंटल मूंग की खरीदी ही हो पाई है।

किसानों का कहना है कि स्लॉट बुकिंग से लेकर खरीदी केंद्र तक की प्रक्रिया में तकनीकी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। सर्वर की धीमी गति, लिंक फेल होने और अन्य तकनीकी परेशानियों के कारण किसानों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ रहा है। कई किसानों का कहना है कि समय पर उपज बेचने के लिए वे खुले बाजार का रुख करने को मजबूर हो रहे हैं।

मूंग खरीदी शुरू होने के बाद से ही व्यवस्थाओं को लेकर सवाल उठ रहे हैं। स्लॉट बुक होने के बावजूद बड़ी संख्या में किसान खरीदी प्रक्रिया पूरी नहीं कर पा रहे हैं, जिससे केंद्रों पर अपेक्षित आवक नहीं दिखाई दे रही।

किसानों ने मांग की है कि तकनीकी समस्याओं का जल्द समाधान किया जाए और खरीदी प्रक्रिया को सरल बनाया जाए, ताकि सभी पंजीकृत किसानों को अपनी उपज समर्थन मूल्य पर बेचने का अवसर मिल सके।