10 दिवसीय अभियान: मैक्रो विजन समेत 20 स्कूल बसों की जांच

10 दिवसीय अभियान: मैक्रो विजन समेत 20 स्कूल बसों की जांच

10 दिवसीय अभियान: मैक्रो विजन समेत 20 स्कूल बसों की जांच

खंडवा। विद्यार्थियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यातायात पुलिस द्वारा चलाए जा रहे 10 दिवसीय विशेष अभियान के तहत शनिवार को शहर के मैक्रो विजन स्कूल सहित कुल 20 स्कूल बसों का सघन निरीक्षण किया गया। अभियान के दौरान बसों की फिटनेस, परमिट, बीमा और अन्य सुरक्षा मानकों की बारीकी से जांच की गई।

ट्रैफिक डीएसपी अनिल कुमार राय के नेतृत्व में सूबेदार धर्मेंद्र सिंह गौर एवं यातायात पुलिस की टीम स्कूल परिसर पहुंची, जहां बसों में फर्स्ट एड बॉक्स, अग्निशमन यंत्र, स्पीड गवर्नर, सीसीटीवी कैमरे, जीपीएस सहित अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता और कार्यशीलता का परीक्षण किया गया। अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि विद्यार्थियों को स्कूल लाने-ले जाने वाले वाहन निर्धारित सुरक्षा मानकों का पूर्णतः पालन करें।

इस दौरान बस चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन संबंधी दस्तावेज और अन्य आवश्यक अभिलेखों की भी जांच की गई। पुलिस अधिकारियों ने स्कूल प्रबंधन और बस स्टाफ को यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, बसों में निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को नहीं बैठाने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक सुरक्षा संसाधन हमेशा उपलब्ध रखने के निर्देश दिए।

अभियान के दौरान सड़क सुरक्षा के साथ सामाजिक जागरूकता का संदेश भी दिया गया। “नशे से दूरी है जरूरी” अभियान के तहत बस चालकों और स्टाफ को नशामुक्त रहकर वाहन संचालन की शपथ दिलाई गई। अधिकारियों ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा की सबसे बड़ी जिम्मेदारी वाहन चालक और बस स्टाफ की है, इसलिए किसी भी प्रकार की लापरवाही गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है।

यातायात पुलिस के अनुसार, स्कूल प्रबंधन ने अभियान का स्वागत करते हुए भविष्य में सभी सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन करने का भरोसा दिलाया। ट्रैफिक डीएसपी अनिल कुमार राय ने कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षित यात्रा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और इसी उद्देश्य से स्कूल बसों की नियमित जांच आगे भी निरंतर जारी रहेगी।