खंडवा। पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से खंडवा पुलिस द्वारा जिलेभर में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत पुलिस लाइन के कार्यालयीन एवं आवासीय परिसर, सभी अनुविभागीय अधिकारी कार्यालयों तथा समस्त थाना परिसरों में पौधारोपण किया गया।

जिला स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अगम जैन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) महेन्द्र तारणेकर एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) गजेन्द्र सिंह कंवर सहित अन्य पुलिस अधिकारियों ने पुलिस लाइन परिसर में पौधे लगाए। इस दौरान अधिकारियों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने की अपील की।

अभियान के अंतर्गत सभी अनुभाग अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों ने अपने-अपने कार्यालयीन परिसरों में पौधारोपण कर हरियाली बढ़ाने का संकल्प लिया। पुलिस विभाग की इस पहल को पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी और जागरूकता का महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
