रोशिया फाटा ब्लैक स्पॉट का पुलिस ने किया निरीक्षण, हादसे रोकने के लिए दिए सुधार के निर्देश

रोशिया फाटा ब्लैक स्पॉट का पुलिस ने किया निरीक्षण, हादसे रोकने के लिए दिए सुधार के निर्देश

रोशिया फाटा ब्लैक स्पॉट का पुलिस ने किया निरीक्षण, हादसे रोकने के लिए दिए सुधार के निर्देश

खंडवा। जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से खंडवा पुलिस द्वारा ब्लैक स्पॉट का निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में यातायात पुलिस टीम ने ब्लैक स्पॉट क्रमांक-7 रोशिया फाटा (इंदौर-इच्छापुर हाईवे 347BG) का विस्तृत निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उप पुलिस अधीक्षक यातायात अनिल कुमार राय, यातायात थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह परिहार, एसडीओ अंचल अग्रवाल, सुरक्षा सलाहकार रवि सहित अन्य अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर सड़क की स्थिति का जायजा लिया।

अधिकारियों ने सड़क दुर्घटनाओं की स्थिति, यातायात दबाव, सड़क की बनावट, संकेतक व्यवस्था, स्पीड ब्रेकर, प्रकाश व्यवस्था और पैदल यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े बिंदुओं की जांच की। साथ ही सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में दिए गए निर्देशों के पालन की भी समीक्षा की गई।

                                                 

निरीक्षण के बाद यातायात पुलिस ने सड़क सुरक्षा को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक सुधार कार्यों के निर्देश दिए। इनमें सही स्थानों पर साइन बोर्ड लगाने, रोड मार्किंग सुधारने, खराब या अनुपयुक्त स्पीड ब्रेकरों को ठीक करने, कैट आई लगाने और सड़क किनारे झाड़ियों की कटाई जैसे कार्य शामिल हैं।

पुलिस का कहना है कि ब्लैक स्पॉट पर सुधार कार्यों का उद्देश्य सड़क हादसों में कमी लाना, नागरिकों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करना और यातायात व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित बनाना है।

यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाएं, यातायात नियमों का पालन करें, हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें तथा सड़क संकेतकों का पालन करते हुए सावधानी से वाहन चलाएं।