खंडवा। सावन माह में निकलने वाली परंपरागत जय हिंदू राष्ट्र कावड़ यात्रा को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। यात्रा के सुचारू संचालन और कावड़ियों की सुविधा के लिए आयोजकों ने नगर निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर यात्रा मार्ग और विश्राम स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने की मांग की है।
कावड़ यात्रा संयोजक चाहत तोमर और सहसंयोजक संकेत जोशी ने बताया कि यात्रा 8 अगस्त 2026 की शाम ग्राम दौड़वा पहुंचेगी, जहां से 9 अगस्त की सुबह कावड़िए शहर के लिए प्रस्थान करेंगे।
आयोजकों ने निगम से यात्रा मार्ग पर स्वच्छता और पेयजल सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है। ज्ञापन में 4 मोबाइल शौचालय, 8 सफाई कर्मचारी और ड्राइवर सहित मशीनयुक्त पानी का टैंकर उपलब्ध कराने का आग्रह किया गया है।
आयोजकों का कहना है कि बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भागीदारी को देखते हुए समय रहते व्यवस्थाएं सुनिश्चित करना जरूरी है, ताकि यात्रा के दौरान कावड़ियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
