खंडवा। सवा लाख हनुमान चालीसा पाठ अनुष्ठान को लेकर दादाजी भजन मंडल की ओर से शहरभर में संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत मंडल से जुड़े अखिलेश गुप्ता और प्रेम नारायण पीपलोनिया विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर हनुमान भक्तों से महादेवगढ़ मंदिर परिसर में 101 बार हनुमान चालीसा पाठ करने का संकल्प पत्र भरवा रहे हैं।
अखिलेश गुप्ता ने बताया कि श्रावण मास के दौरान महादेवगढ़ मंदिर परिसर में भक्तों के सहयोग से सवा लाख हनुमान चालीसा पाठ पूर्ण कराने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि भक्तों में उत्साह और सहभागिता को देखते हुए यह संख्या ढाई लाख से अधिक पहुंचने की संभावना भी है।
उन्होंने बताया कि इस धार्मिक आयोजन के साथ भक्त प्रवीण पांडे द्वारा पूरे एक माह तक मास पारायण के माध्यम से महादेवगढ़ में रामचरितमानस का अखंड पाठ भी कराया जाएगा।
आयोजकों ने शहरवासियों और हनुमान भक्तों से अधिक से अधिक संख्या में संकल्प लेकर अनुष्ठान में सहभागी बनने की अपील की है। श्रावण मास में होने वाले इस आयोजन को लेकर भक्तों में उत्साह देखा जा रहा है।
