खंडवा। रेलवे क्षेत्र में चलाए जा रहे ऑपरेशन हमदर्द के तहत खंडवा जीआरपी ने अब तक 33 बेसहारा लोगों की पहचान कर उनका डिजिटल डोजियर तैयार किया है। यह अभियान रेलवे परिसर में 1 से 31 जुलाई तक चलाया जा रहा है।
अभियान के तहत प्लेटफॉर्म, मुसाफिरखाना और स्टेशन परिसर में लंबे समय से रह रहे निराश्रित लोगों, परित्यक्ता महिलाओं और बिना किसी कारण घूमने वाले बच्चों की पहचान की जा रही है। जीआरपी टीम ऐसे लोगों से पूछताछ कर उनकी जानकारी जुटा रही है और मोबाइल से फोटो लेकर डिजिटल रिकॉर्ड तैयार कर रही है।
खंडवा जीआरपी थाना के अनुसार, 1 से 10 जुलाई तक 19 पुरुष और 14 महिलाओं से पूछताछ की गई है। इन लोगों की पहचान, निवास, परिजनों और रेलवे परिसर में रहने के कारणों की जानकारी दर्ज की जा रही है।
जीआरपी अधिकारियों के अनुसार, अभियान का उद्देश्य रेलवे स्टेशन क्षेत्र में रहने वाले असहाय लोगों तक सहायता पहुंचाना, उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना और जरूरत पड़ने पर उन्हें संबंधित विभागों से जोड़ना है।
