खंडवा। शासकीय शिक्षा महाविद्यालय में निमाड़ क्षेत्र के शिक्षकों की क्षेत्रीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला का आयोजन भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय, नई दिल्ली तथा साइंस सेंटर ग्वालियर के सहयोग से किया गया। इसमें राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस 2026 की तैयारियों और बच्चों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यशाला की संयोजक एवं निमाड़ समन्वयक हेमलता पालीवाल ने कहा कि राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने का महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने शिक्षकों से जिले के अधिक से अधिक विद्यार्थियों को इस गतिविधि से जोड़ने का आह्वान किया।
कार्यशाला की अध्यक्षता शेखर सरभाई ने की। मुख्य अतिथि शासकीय शिक्षा महाविद्यालय के प्राचार्य आर. के. सेन तथा विशेष अतिथि संगीता सोनवणे रहीं। मुख्य प्रशिक्षक साइंस सेंटर ग्वालियर की सचिव एवं निदेशक डॉ. संध्या वर्मा ने राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस 2026 की रूपरेखा, उद्देश्य और प्रक्रिया की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम 10 से 14 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों में वैज्ञानिक सोच, शोध क्षमता और नवाचार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित किया जाता है, जिसमें मध्य प्रदेश सहित देशभर के विद्यार्थी भाग लेते हैं।
कार्यशाला में शेखर सरभाई ने शिक्षकों को विज्ञान परियोजनाएं तैयार करने, विषय चयन और प्रभावी परियोजना शीर्षक तय करने की प्रक्रिया का प्रशिक्षण दिया। साथ ही विद्यार्थियों को शोध आधारित गतिविधियों के लिए प्रेरित करने पर भी जोर दिया गया।
