खंडवा में शिक्षा व्यवस्था पर सख्ती, तीन दिन में प्रवेश और आधार पंजीयन शिविर लगाने के निर्देश

खंडवा में शिक्षा व्यवस्था पर सख्ती, तीन दिन में प्रवेश और आधार पंजीयन शिविर लगाने के निर्देश

खंडवा। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में आगामी तीन दिनों के भीतर प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को सुनिश्चित करने को कहा कि कोई भी पात्र छात्र प्रवेश से वंचित न रहे।

बैठक में कलेक्टर ने नर्सरी से कक्षा 8 तक के सभी विद्यार्थियों की अपार (APAAR) आईडी बनाने के लिए प्रत्येक स्कूल में आधार पंजीयन शिविर आयोजित कर शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों (BEO) और बीआरसी को ग्रामीण क्षेत्रों के स्कूलों का नियमित दौरा कर प्रवेश, उपस्थिति और शैक्षणिक व्यवस्थाओं की समीक्षा करने को कहा। साथ ही शिक्षकों को प्रतिदिन ई-अटेंडेंस दर्ज करने और विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने जिन स्कूलों में अब तक निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों का वितरण नहीं हुआ है, वहां तत्काल वितरण कराने के निर्देश देते हुए कहा कि छात्रों को समय पर सभी शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।