स्कूलों से गांवों तक साइबर सुरक्षा की पाठशाला, ‘सेफ क्लिक 2.0’ अभियान में पुलिस ने बनाया रिकॉर्ड

स्कूलों से गांवों तक साइबर सुरक्षा की पाठशाला, ‘सेफ क्लिक 2.0’ अभियान में पुलिस ने बनाया रिकॉर्ड

खंडवा। साइबर अपराधों से बचाव और आमजन को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से खंडवा पुलिस द्वारा चलाया गया 15 दिवसीय ‘सेफ क्लिक 2.0’ अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। अभियान के दौरान पुलिस ने जिलेभर में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर 5 लाख से अधिक लोगों तक साइबर सुरक्षा का संदेश पहुंचाया।

अभियान के तहत 100 से अधिक स्कूलों और शैक्षणिक संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें करीब 10 हजार छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी दी गई। इसके अलावा शहर, गांव, हाट-बाजार, बैंक, अस्पताल, बस स्टैंड सहित विभिन्न स्थानों पर पुलिस टीम ने लोगों से सीधा संवाद कर ऑनलाइन ठगी और साइबर अपराधों से सतर्क रहने की अपील की।

पुलिस के अनुसार अभियान के दौरान 22 हजार से अधिक नागरिकों से प्रत्यक्ष संपर्क किया गया, जबकि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से 4.60 लाख से अधिक लोगों तक साइबर सुरक्षा संबंधी जानकारी पहुंचाई गई। इस तरह कुल मिलाकर 5 लाख से अधिक लोगों को जागरूक किया गया।

अभियान के समापन अवसर पर पुलिस अधीक्षक अगम जैन की अध्यक्षता में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाली साइबर टीम के सदस्यों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेंद्र तारनेकर और गजेंद्र सिंह कंवर सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

खंडवा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि ऑनलाइन ठगी या साइबर अपराध की स्थिति में तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें और राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। पुलिस ने कहा कि सतर्कता और जागरूकता ही साइबर अपराधों से बचाव का सबसे प्रभावी तरीका है।