खंडवा। जिले के ग्राम जूनापानी के ग्रामीणों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में स्थित सरकारी बोर पर कुछ लोगों ने अवैध कब्जा कर लिया है। बोर का उपयोग ग्रामीणों को पानी उपलब्ध कराने के बजाय निजी खेतों में सिंचाई के लिए किया जा रहा है। इस समस्या को लेकर ग्रामीण मंगलवार को खंडवा कलेक्ट्रेट में आयोजित जनसुनवाई में पहुंचे और कलेक्टर के नाम आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की।
ग्रामीणों का कहना है कि इन लोगों द्वारा सरकारी बोर के पानी का उपयोग अपने खेतों की सिंचाई के लिए किया जा रहा है, जिससे गांव के अन्य लोगों को पानी नहीं मिल पा रहा है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने संबंधित लोगों को समझाने का प्रयास किया तो उन्हें महिलाओं के माध्यम से झूठी शिकायत दर्ज कराने की धमकी दी गई। ग्रामीणों के अनुसार, 7 नवंबर 2026 को उनके खिलाफ झूठी रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, मौके का निरीक्षण करने और सरकारी बोर को अवैध कब्जे से मुक्त कराने की मांग की है। साथ ही बोर का पानी जनहित में सभी ग्रामीणों को उपलब्ध कराने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की गुहार लगाई है।