खंडवा। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार निर्वाचक नामावली के शुद्धिकरण के लिए जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का कार्य लगातार जारी है। इस अभियान में सराहनीय प्रदर्शन करने वाले बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ), उनके सहायकों और सुपरवाइजर्स को सोमवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित कार्यक्रम में सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में अपर कलेक्ट सृष्टि देशमुख गौड़ा ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पुष्पमाला पहनाकर सम्मानित किया और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी दिनेश सावले, एसडीएम खंडवा ऋषि कुमार सिंघई तथा निर्वाचन पर्यवेक्षक प्रफुल्ल शुक्ला मौजूद रहे।
खुटफल मतदान केंद्र ने सबसे पहले पूरा किया शत-प्रतिशत कार्य
एसडीएम ऋषि कुमार सिंघई ने बताया कि मतदान केंद्र क्रमांक 28 खुटफल ने एसआईआर का कार्य सबसे पहले शत-प्रतिशत पूरा किया। वहीं, मतदान केंद्र क्रमांक 21 भैसावा भाग-1 ने दूसरे स्थान पर रहते हुए अपना कार्य पूर्ण किया। दोनों मतदान केंद्रों की पूरी टीम को अपर कलेक्टर द्वारा सम्मानित किया गया।
इन कर्मचारियों को मिला सम्मान

मतदान केंद्र क्रमांक 28 खुटफल की बीएलओ एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ता दुर्गा पटेल, उनके सहयोगी प्राथमिक शिक्षक राजेंद्र प्रसाद और रोजगार सहायक शिवलाल प्रजापति को सम्मानित किया गया।
इसी तरह मतदान केंद्र क्रमांक 21 भैसावा भाग-1 की बीएलओ शालू रावत, सहयोगी प्राथमिक शिक्षक राबिया बानो, इडा डोडवे, संजय रायकवार और फूंदालाल पवार को भी सम्मानित किया गया। इसके साथ ही सेक्टर सुपरवाइजर एवं कृषि विस्तार अधिकारी विक्रम सिंह मंडलोई को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
निर्वाचक नामावली के शुद्धिकरण के इस महत्वपूर्ण कार्य में समयबद्धता और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीमों का सम्मान कर निर्वाचन कार्य में जुटे अन्य अधिकारियों-कर्मचारियों को भी बेहतर कार्य के लिए प्रोत्साहित किया गया।
