खंडवा। सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने और दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से खंडवा पुलिस ने एक अनूठी पहल की है। शहर में हेलमेट बैंक की शुरुआत की गई है, जहां से लोग अपनी जरूरत के मुताबिक निशुल्क हेलमेट ले सकेंगे। बुधवार को कहारवाड़ी पुलिस चौकी में इस हेलमेट बैंक का शुभारंभ किया गया। फिलहाल यहां 50 हेलमेट उपलब्ध कराए गए हैं। जरूरत और जनसहयोग के आधार पर भविष्य में इनकी संख्या बढ़ाई जाएगी।
ट्रैफिक डीएसपी अनिल कुमार राय ने बताया कि पुलिस अधीक्षक अगम जैन की पहल पर हेलमेट बैंक स्थापित किया गया है। इसके लिए कहारवाड़ी पुलिस चौकी को नए सिरे से तैयार किया गया। चौकी की मरम्मत और रिनोवेशन के बाद इसे हेलमेट बैंक के रूप में विकसित किया गया है। यातायात पुलिस ने अपने बजट से शुरुआती तौर पर 50 हेलमेट उपलब्ध कराए हैं।
नाम, मोबाइल और आधार नंबर दर्ज कर मिलेगा हेलमेट
ट्रैफिक टीआई देवेंद्र सिंह परिहार ने बताया कि हेलमेट बैंक से कोई भी व्यक्ति अपनी व्यक्तिगत जानकारी दर्ज कराकर निशुल्क हेलमेट प्राप्त कर सकता है। इसके लिए नाम, मोबाइल नंबर और आधार नंबर दर्ज कराना होगा। हेलमेट के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि हेलमेट का उपयोग यात्रा के दौरान किया जा सकेगा, लेकिन यात्रा पूरी होने के बाद हेलमेट को वापस करना अनिवार्य होगा। इस पहल का उद्देश्य उन लोगों को हेलमेट उपलब्ध कराना है, जिन्हें तत्काल इसकी जरूरत है, ताकि बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने की मजबूरी कम हो और सड़क दुर्घटनाओं में सिर की चोट से बचाव को बढ़ावा मिले।
खंडवा पुलिस की इस पहल से उम्मीद है कि लोग हेलमेट के इस्तेमाल के प्रति अधिक जागरूक होंगे और सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित होंगे।
