खंडवा: हाईवे पर पलटा दूध से भरा टैंकर, सड़क पर फैला दूध तो बाल्टियां लेकर पहुंचे ग्रामीण

खंडवा: हाईवे पर पलटा दूध से भरा टैंकर, सड़क पर फैला दूध तो बाल्टियां लेकर पहुंचे ग्रामीण

खंडवा: हाईवे पर पलटा दूध से भरा टैंकर, सड़क पर फैला दूध तो बाल्टियां लेकर पहुंचे ग्रामीण

खंडवा। इंदौर-एदलाबाद नेशनल हाईवे पर बुधवार दोपहर ग्राम मोकलगांव के पास दूध से भरा एक टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद हाईवे पर बड़ी मात्रा में दूध फैल गया। सड़क पर दूर तक दूध फैला देखकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। कई लोग बाल्टियां और पानी की केन लेकर आए और सड़क पर फैले दूध को भरकर अपने साथ ले जाने लगे। कुछ ही देर में घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। हादसे में टैंकर चालक को मामूली चोटें आई हैं।

बेयरिंग टूटने से अनियंत्रित हुआ टैंकर

जानकारी के अनुसार, हादसा छैगांवमाखन थाना क्षेत्र में ग्राम मोकलगांव के पास स्थित पुलिया पर हुआ। अवंतिका डेयरी प्रोडक्ट का दूध लेकर टैंकर इंदौर से महाराष्ट्र की ओर जा रहा था। इसी दौरान टैंकर के पहिए का बेयरिंग टूट गया, जिससे वाहन असंतुलित होकर पुलिया के पास पलट गया।

हादसे में टैंकर चालक सतीश को मामूली चोटें आई हैं। टैंकर पलटने के कारण सड़क पर दूध फैल गया, जिससे घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

बाल्टियां और केन लेकर पहुंचे ग्रामीण

दूध से भरे टैंकर के पलटने की खबर आसपास के गांवों में फैलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचने लगे। कई लोग अपने साथ बाल्टियां और पानी की केन लेकर आए। इसके बाद सड़क पर फैले दूध को बर्तनों में भरकर ले जाने लगे।

इस दौरान हाईवे पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और हादसे की जांच शुरू की।