खंडवा(निर्मल मंगवानी)। मानसिक स्वास्थ्य और भावनात्मक सेहत को लेकर लायंस क्लब खंडवा ओजस का अभियान लगातार आगे बढ़ रहा है। क्लब की अध्यक्ष लायन डॉ. इंदरदीप कौर की पहल पर शुरू किए गए मेंटल हेल्थ एंड वेलनेस अभियान के तहत साढ़े तीन महीने में 4847 लोगों तक जागरूकता का संदेश पहुंचाया जा चुका है।
क्लब ने लायनिस्टिक वर्ष 2026-27 में 10 हजार लोगों तक पहुंचने का लक्ष्य रखा है।समाजसेवी सुनील जैन ने बताया कि सेवा सप्ताह के दौरान क्लब ने चार मानसिक स्वास्थ्य एवं वेलनेस सत्र आयोजित किए, जिनमें 967 लोगों ने सहभागिता की। इसके बाद टैगोर पार्क में शहर के नागरिकों के लिए विशेष सत्र आयोजित किया गया। इसमें डिस्ट्रिक्ट जीएसटी कोऑर्डिनेटर लायन डॉ. जयप्रकाश चौहान मुख्य अतिथि रहे।
उन्होंने स्वस्थ रहने के लिए संतुलित आहार लेने, भोजन में तेल की मात्रा कम रखने तथा फल, सब्जियां और अंकुरित अनाज शामिल करने की सलाह दी। कार्यक्रम में रीजन-5 चेयरपर्सन लायन संजना खत्री और जोन-1 चेयरपर्सन लायन रजनी शर्मा भी मौजूद रहीं।
डॉ. इंदरदीप कौर ने बताया कि टैगोर पार्क में प्रत्येक माह के प्रथम और तृतीय रविवार को ग्रेटिट्यूड मेडिटेशन और मेंटल वेलनेस सत्र होते हैं। इनमें ध्यान के साथ प्रकृति और पंचतत्वों से जुड़ाव पर भी ध्यान दिया जाता है। क्लब पदाधिकारियों ने बताया कि अभियान का उद्देश्य लोगों को मानसिक और भावनात्मक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है। यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
