खंडवा। शहर के विकास कार्यों को आमजन तक पहुंचाने और सोशल मीडिया की रचनात्मक शक्ति को विकास से जोड़ने के उद्देश्य से महापौरअमृता अमर यादव की पहल पर सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर मीट का आयोजन किया गया। इसमें खंडवा सहित आसपास के जिलों से आए 70 से अधिक सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान सभी इंफ्लुएंसर्स एक बस में सवार होकर महापौर, नगर निगम अध्यक्ष एवं एमआईसी सदस्यों के साथ शहर के विभिन्न विकास स्थलों पर पहुंचे। इस दौरान उन्हें विकास कार्यों की जानकारी देने के साथ-साथ उनकी आवश्यकता, निर्माण प्रक्रिया, तकनीकी व्यवस्थाओं और नागरिकों को मिलने वाले लाभ के बारे में भी विस्तार से बताया गया।
विकास कार्यों का किया स्थल निरीक्षण
इंफ्लुएंसर्स को पंधाना रोड से दादाजी मंदिर मार्ग, नए बस स्टैंड से झीलोंधान मार्ग, शकर तालाब रोड, पदम कुंड, अष्टभुजा भैरव कुंड, रामेश्वर कुंड, ट्रांसपोर्ट नगर, नगर निगम के नवनिर्मित भवन, स्विमिंग पूल, स्टेडियम पैवेलियन और फायर स्टेशन सहित विभिन्न विकास कार्यों का भ्रमण कराया गया।
इसके बाद अमृत 2.0 योजना के तहत जसवाड़ी में नवनिर्मित वाटर फिल्टर प्लांट का भी निरीक्षण कराया गया। यहां सोशल मीडिया क्रिएटर्स को जल शुद्धिकरण की प्रक्रिया, प्लांट की तकनीकी व्यवस्थाओं और शहर के लिए इसकी उपयोगिता की जानकारी दी गई।
सवाल-जवाब के जरिए समझी योजनाओं की प्रक्रिया
भ्रमण के दौरान सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स ने महापौर और नगर निगम अधिकारियों से विकास कार्यों की लागत, उनकी आवश्यकता, निर्माण प्रक्रिया और तकनीकी पहलुओं से जुड़े सवाल पूछे। अधिकारियों ने बताया कि किसी भी योजना की घोषणा से लेकर उसके निर्माण और संचालन तक विभिन्न प्रशासनिक एवं तकनीकी चरणों से गुजरना पड़ता है।
इंफ्लुएंसर्स ने विभिन्न स्थलों पर वीडियो रिकॉर्डिंग और फोटो भी तैयार किए। कई प्रतिभागियों ने मौके से ही अपने ब्लॉग और सोशल मीडिया कंटेंट तैयार किए, ताकि शहर के विकास कार्यों की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जा सके।
सोशल मीडिया जागरूकता का नया माध्यम : महापौर
महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव ने कहा कि आज सोशल मीडिया समाज में जागरूकता का एक महत्वपूर्ण माध्यम बन चुका है। सोशल मीडिया से जुड़े युवा अपनी रचनात्मकता के माध्यम से विभिन्न विषयों को व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि इंफ्लुएंसर मीट का उद्देश्य केवल विकास कार्यों का भ्रमण कराना नहीं, बल्कि युवाओं को शहर के विकास की वास्तविक प्रक्रिया से परिचित कराना भी है, ताकि वे तथ्यों और प्रत्यक्ष जानकारी के आधार पर विकास कार्यों को जनता तक पहुंचा सकें।
इंफ्लुएंसर्स का किया सम्मान
कार्यक्रम के दौरान महापौर, निगम अध्यक्ष एवं एमआईसी सदस्यों ने सभी प्रतिभागियों का सम्मान किया। कार्यक्रम में निगम अध्यक्ष अनिल विश्वकर्मा, एमआईसी सदस्य सोमनाथ काले, राजेश यादव, वरुण भंवरे, पार्षद मोनिका बजाज तथा नगर निगम के सहायक यंत्री भरत सुरजाये सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन निमिष भंसाली ने किया। आयोजन की व्यवस्थाओं में प्रियांशु चौरे, सोनू यादव, मनीष पवार, आकाश यादव, सुनील बंसल, राजा बंसल, टीटू गौर और अवधेश सिंह ने सहयोग किया।
70 से अधिक सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स की सहभागिता वाला यह आयोजन शहर के विकास कार्यों और सोशल मीडिया की रचनात्मक क्षमता के बीच संवाद स्थापित करने की पहल के रूप में सामने आया।
