गांधी जयंती पर गौमुख घाट में चला विशेष स्वच्छता अभियान

गांधी जयंती पर गौमुख घाट में चला विशेष स्वच्छता अभियान

गांधी जयंती पर गौमुख घाट में चला विशेष स्वच्छता अभियान

ओंकारेश्वर। गांधी जयंती के अवसर पर मां नर्मदा के तट स्थित गौमुख घाट पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान में एसडीएम पंकज वर्मा, सीएमओ मोनिका पारधी, नगर परिषद अध्यक्ष ओमप्रकाश परिहार, संत शिवगिरी महाराज सहित जनप्रतिनिधियों, नाविकों, समाजसेवियों और स्थानीय नागरिकों ने सहभागिता की। सभी ने घाट और मां नर्मदा के तट को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने का संकल्प लिया।

स्वच्छता अभियान के दौरान मां नर्मदा के जल और घाट क्षेत्र में पड़े कपड़ों सहित अन्य कचरे को बाहर निकालकर विशेष साफ-सफाई की गई। इस दौरान घाट की स्वच्छता, सुंदरता और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई। एसडीएम ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

दीपावली से पहले होगा घाट का रंग-रोगन

घाट की व्यवस्थाओं को सुधारने के लिए दीपावली से पहले रंग-रोगन कराने और टूटे-फूटे फ्लोर पर लगे रेड स्टोन की मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए। श्रद्धालुओं द्वारा नर्मदा जल में वस्त्र प्रवाहित करने पर रोक लगाने के उद्देश्य से जालीदार वस्त्र दान व्यवस्था विकसित करने पर भी चर्चा हुई। इसके अलावा गौमुख घाट के बाईं ओर पितृ कर्म और पूजन के लिए व्यवस्थित स्थान विकसित करने की बात कही गई।

नौका संचालन में लकड़ी की नौकाओं पर प्रतिबंध रखने तथा घाट किनारे लगने वाली दुकानों को एक समान आकार में व्यवस्थित दीर्घा के रूप में संचालित करने के निर्देश दिए गए। दुकानों को सीरियल नंबर आवंटित करने की जिम्मेदारी नगर परिषद को सौंपी गई।

प्लास्टिक पर रोक, केवल आटे के दीपक बेचने की अनुमति

एसडीएम पंकज वर्मा ने बताया कि घाट क्षेत्र की दुकानों पर फूल-प्रसाद के साथ केवल आटे के दीपक बेचने की अनुमति देने और प्लास्टिक के उपयोग पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं। नई व्यवस्थाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए मौके पर पंचनामा भी तैयार किया गया।

उन्होंने कहा कि मां नर्मदा के तट और घाटों की स्वच्छता बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रशासन, नगर परिषद, नाविकों, दुकानदारों, संत समाज और आम नागरिकों के सहयोग से घाट की स्वच्छता एवं व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे।

अभियान के दौरान नौका संचालन में अनियमितता पाए जाने पर दो नाविकों के नौका संचालन पर रोक भी लगाई गई।