खंडवा। नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण (NVDA) के पुनासा में पदस्थ सब इंजीनियर अशोक गौतम को लोकायुक्त पुलिस ने बुधवार को 14 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया। आरोप है कि उन्होंने ठेकेदार से बकाया भुगतान और सिक्योरिटी डिपॉजिट की राशि लौटाने के बदले 55 हजार रुपए रिश्वत की मांग की थी।
लोकायुक्त के अनुसार, आरोपी अशोक गौतम की उम्र 61 वर्ष है और उनकी सेवानिवृत्ति में करीब दो महीने का समय बाकी है। कार्रवाई के बाद उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण संशोधन अधिनियम 2018 की धारा 7 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
चौकीदार और जनरेटर कक्ष का लिया था ठेका
शिकायतकर्ता लखन राठौर (40), खरगोन जिले के सनावद तहसील के ग्राम धूलवाड़ा निवासी ठेकेदार हैं। उन्होंने वर्ष 2024 में NVDA पुनासा में चौकीदार कक्ष और जनरेटर कक्ष निर्माण का ठेका लिया था। करीब एक साल में निर्माण कार्य पूरा करने के बाद उन्होंने भुगतान के लिए बिल कार्यालय में जमा किए।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, अब तक करीब 13 लाख रुपए का भुगतान हो चुका था, जबकि कुछ राशि का भुगतान बाकी था। इसके साथ ही कार्य के दौरान जमा की गई सिक्योरिटी डिपॉजिट की राशि भी वापस मिलना थी।
55 हजार की रिश्वत मांगने का आरोप
आरोप है कि बकाया भुगतान और सिक्योरिटी डिपॉजिट वापस करने के एवज में सब इंजीनियर अशोक गौतम ने ठेकेदार से 55 हजार रुपए रिश्वत मांगी। ठेकेदार ने 10 सितंबर को लोकायुक्त कार्यालय इंदौर में शिकायत की।
शिकायत के सत्यापन के दौरान रिश्वत मांगने की पुष्टि होने के बाद लोकायुक्त पुलिस ने ट्रैप की योजना तैयार की।
14 हजार रुपए लेते पकड़ा
लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक राजेश सहाय के मार्गदर्शन में निरीक्षक सचिन पटेरिया के नेतृत्व में टीम बुधवार को पुनासा पहुंची। टीम ने नर्मदा विकास संभाग क्रमांक-28, पुनासा के कार्यालय के तकनीकी कक्ष में कार्रवाई करते हुए अशोक गौतम को ठेकेदार से 14 हजार रुपए लेते रंगेहाथ पकड़ लिया।
लोकायुक्त टीम ने रिश्वत की राशि बरामद कर ली है। आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
