खरगोन: हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के जन्मदिवस (राष्ट्रीय खेल दिवस) के अवसर पर शहर के निमाड़ क्लब स्थित टेनिस कोर्ट में 5 दिवसीय जिला स्तरीय लॉन टेनिस टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पुलिस अधीक्षक श्री अगम जैन ने प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन किया।
खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए एसपी श्री अगम जैन ने कहा, “आप भले ही किसी भी खेल में महारत रखते हों, लेकिन अपने खेल में इतना निखार लाएं कि देश का नाम रोशन हो सके।” उन्होंने आगे कहा कि मेजर ध्यानचंद भले ही हॉकी के खिलाड़ी थे, लेकिन उनके खेल के प्रति समर्पण के कारण ही आज हर खेल का खिलाड़ी इस दिन को ‘राष्ट्रीय खेल दिवस’ के रूप में मनाता है।

खेल और युवा कल्याण विभाग के जिला प्रशिक्षक व NIS टेनिस कोच अमीन अहमद ने बताया कि यह 5 दिवसीय प्रतियोगिता लीग आधार पर खेली जा रही है, जिसमें कुल 20 खिलाड़ी अपनी श्रेष्ठता साबित करने के लिए भाग ले रहे हैं।
प्रतियोगिता का समापन और पुरस्कार वितरण 5 सितंबर को ‘शिक्षक दिवस’ के अवसर पर आयोजित किया जाएगा।
