खंडवा। खंडवा जिले के जावर थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह मानवता और अदम्य साहस की मिसाल देखने को मिली। तवा नदी में डूब रहे एक बच्चे की जान बचाने के लिए 40 वर्षीय ग्रामीण भैयालाल ने बिना अपनी परवाह किए नदी में छलांग लगा दी। उन्होंने कड़ी मशक्कत के बाद बच्चे को तो सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन खुद नदी के गहरे हिस्से और तेज बहाव में फंसकर लापता हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही जावर थाना पुलिस और होमगार्ड की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। नाव की मदद से तवा नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
मवेशी चराने गया था भैयालाल
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बेनपुरा डोंगरी निवासी भैयालाल (40) शनिवार सुबह करीब 10 बजे नदी किनारे मवेशी चराने गए थे। इसी दौरान उन्होंने एक लड़के को तवा नदी के गहरे पानी में डूबते और संघर्ष करते देखा। बच्चे की चीख-पुकार सुनकर भैयालाल ने तुरंत नदी में छलांग लगा दी और बच्चे को खींचकर सुरक्षित किनारे तक ले आए।
तेज बहाव और गहराई के कारण बिगड़े हालात
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बच्चे को सुरक्षित बाहर निकालने के बाद जब भैयालाल खुद बाहर निकलने की कोशिश कर रहे थे, तभी नदी के तेज बहाव और गहराई के कारण वे अपना संतुलन खो बैठे और देखते ही देखते पानी में समा गए।
रेस्क्यू में आ रही दिक्कतें
मौके पर पहुंची पुलिस और गोताखोरों की टीम नाव के जरिए संभावित स्थानों पर भैयालाल की तलाश कर रही है। हालांकि, नदी में पानी की अधिक गहराई और बहाव तेज होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। खबर लिखे जाने तक भैयालाल का कोई सुराग नहीं मिल सका था।
ग्रामीणों और परिजनों की नजरें नदी तट पर टिकी हुई हैं, वहीं पूरा गांव भैयालाल के इस साहसिक कदम की सराहना कर रहा है।
