ओंकारेश्वर। क्षेत्र के समीपस्थ ग्राम कोठी में अवैध रूप से संचालित हो रहे एक आरओ चिल्ड वाटर प्लांट पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। पुनासा तहसीलदार विजय साहू एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (PHE) विभाग के संयुक्त दल ने आकस्मिक निरीक्षण के दौरान नियमों की अनदेखी पाए जाने पर ‘मां नर्मदा आरओ चिल्ड वाटर प्लांट’ को सील कर दिया।

निरीक्षण के दौरान PHE विभाग के उपयंत्री ने जब प्लांट की जांच की, तो सामने आया कि संचालक जयपाल सिंह चौहान द्वारा पानी की गुणवत्ता की जांच कभी किसी प्रयोगशाला (लैब) से कराई ही नहीं गई थी। मौके पर पानी की शुद्धता से संबंधित कोई भी जांच रिपोर्ट मौजूद नहीं थी। इसके अलावा, संचालक के पास व्यावसायिक रूप से पानी बेचने की वैध अनुमति भी नहीं पाई गई।
जनस्वास्थ्य की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जांच दल ने तत्काल प्रभाव से वाटर प्लांट को सील्ड कर दिया है।
तहसीलदार विजय साहू ने बताया कि मामले में वाटर प्लांट संचालक और संबंधित भूमि स्वामी/मकान मालिक दोनों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। उनका जवाब प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

