मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना: खंडवा के वरिष्ठ नागरिक करेंगे डॉ. अंबेडकर चैत्यभूमि की यात्रा

मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना: खंडवा के वरिष्ठ नागरिक करेंगे डॉ. अंबेडकर चैत्यभूमि की यात्रा

मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना: खंडवा के वरिष्ठ नागरिक करेंगे डॉ. अंबेडकर चैत्यभूमि की यात्रा

खंडवा। प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना के तहत खंडवा जिले के वरिष्ठ नागरिकों को मुंबई स्थित डॉ. अंबेडकर चैत्यभूमि स्मारक की यात्रा का अवसर मिलेगा। कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने बताया कि तीर्थयात्रियों के लिए विशेष ट्रेन 15 सितंबर को रवाना होगी और 18 सितंबर को वापस लौटेगी।

1 से 9 सितंबर तक जमा होंगे आवेदन

यात्रा के लिए इच्छुक वरिष्ठ नागरिक निर्धारित प्रारूप में आवेदन पूर्ण रूप से भरकर अपने निवास क्षेत्र के संबंधित नगरीय निकाय या जनपद पंचायत कार्यालय में जमा कर सकते हैं। आवेदन 1 से 9 सितंबर तक कार्यालयीन समय में कार्य दिवसों पर स्वीकार किए जाएंगे।

ये होंगी पात्रता शर्तें

योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक का मध्यप्रदेश का मूल निवासी होना आवश्यक है। उसकी आयु 60 वर्ष या उससे अधिक होनी चाहिए। महिलाओं के मामले में आयु सीमा में दो वर्ष की छूट रहेगी। आवेदक आयकरदाता नहीं होना चाहिए। साथ ही आवेदक ने इससे पहले मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना के तहत किसी धार्मिक स्थल की यात्रा नहीं की हो।

यात्रा के लिए आवेदक का शारीरिक एवं मानसिक रूप से सक्षम होना जरूरी है। आवेदन के साथ शासकीय चिकित्सालय से यह प्रमाणित कराना होगा कि आवेदक किसी संक्रामक रोग, टीबी, हृदय संबंधी बीमारी या श्वास में अवरोध संबंधी बीमारी से ग्रसित नहीं है।

आवेदन के साथ ये दस्तावेज जरूरी

आवेदन पत्र के साथ समग्र सदस्य आईडी, आधार कार्ड, वोटर कार्ड की छायाप्रति और मोबाइल नंबर देना अनिवार्य होगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी आवेदक द्वारा असत्य जानकारी देकर या तथ्यों को छिपाकर आवेदन प्रस्तुत किया जाता है, तो उसे किसी भी समय योजना के लाभ से वंचित किया जा सकता है।

वहीं, जो आवेदक पूर्व में मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना के तहत किसी एक स्थान की यात्रा कर चुके हैं, उनके आवेदन निरस्त कर दिए जाएंगे।