खंडवा। हरसूद थाना क्षेत्र के धारूखेड़ी गांव के पास भेड़ चरवाहों और पारदी समाज के लोगों के बीच विवाद का मामला सामने आया है। विवाद के दौरान मारपीट में तीन लोगों के घायल होने की जानकारी है। वहीं, चरवाहों ने धारदार हथियार से हमला किए जाने के कारण करीब 24 भेड़ों की मौत होने का आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार, धारूखेड़ी के पास पारदी समाज के कुछ लोग डेरा बनाकर रह रहे थे। इसी दौरान भेड़ चरवाहे अपनी भेड़ों को लेकर वहां पहुंचे। किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों में मारपीट हो गई।
चरवाहों का आरोप है कि विवाद के दौरान पारदी समाज के कुछ लोगों ने धारदार हथियारों से भेड़ों पर हमला कर दिया, जिससे करीब 24 भेड़ों की मौत हो गई। घटना में तीन लोगों के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। विवाद की वास्तविक वजह और भेड़ों की मौत की परिस्थितियों को लेकर जांच की जा रही है। पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर घटना के तथ्यों का पता लगा रही है।
