खंडवा। जिले के बेरोजगार युवक-युवतियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 3 सितंबर, गुरुवार को शासकीय आईटीआई खंडवा में रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेंटिस मेले का आयोजन किया जाएगा। रोजगार मेला सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक आयोजित होगा।
जिला रोजगार अधिकारी लक्ष्मण सिंह सिलौटे ने बताया कि मेले में विभिन्न कंपनियों द्वारा तकनीकी एवं गैर-तकनीकी क्षेत्रों में करीब 200 युवक-युवतियों की भर्ती की जाएगी। इसमें 5वीं, 8वीं, 10वीं, 12वीं, आईटीआई, डिप्लोमा, स्नातक और स्नातकोत्तर उत्तीर्ण युवा शामिल हो सकेंगे।
18 से 35 वर्ष तक के युवा ले सकेंगे हिस्सा
रोजगार मेले में शामिल होने के लिए आवेदक की आयु 18 से 35 वर्ष के बीच निर्धारित की गई है। चयनित उम्मीदवारों को कंपनियों द्वारा 8 हजार से 20 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इसके अलावा अन्य सुविधाएं संबंधित कंपनी के नियमानुसार उपलब्ध कराई जाएंगी।
जरूरी दस्तावेज साथ लाना अनिवार्य
इच्छुक युवाओं को रोजगार मेले में अपने मूल शैक्षणिक दस्तावेज एवं उनकी फोटो कॉपी, पासपोर्ट साइज के चार फोटो, आधार कार्ड और रोजगार कार्यालय का जीवित पंजीयन कार्ड साथ लाना होगा। चयन प्रक्रिया में शामिल होने के लिए किसी प्रकार का यात्रा व्यय देय नहीं होगा।
रोजगार विभाग ने जिले के पात्र बेरोजगार युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में रोजगार मेले में पहुंचकर उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने की अपील की है।
