खंडवा। कलेक्टर ऋषव गुप्ता के निर्देश पर परिवहन विभाग ने मंगलवार को ओंकारेश्वर में यात्री बसों और ऑटोरिक्शा की जांच के लिए विशेष चेकिंग अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान वाहनों के दस्तावेजों के साथ-साथ सुरक्षा और फिटनेस से जुड़े मानकों की जांच की गई।
आरटीओ निशा चौहान ने बताया कि चेकिंग के दौरान बसों और ऑटोरिक्शा के बीमा, फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट, ड्राइविंग लाइसेंस सहित अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच की गई। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कुल 3 यात्री बसों और 3 ऑटोरिक्शा के खिलाफ मोटरयान अधिनियम 1988 की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान संबंधित वाहनों से कुल 23 हजार रुपये का जुर्माना वसूल किया गया। इसके अलावा 7 ऑटोरिक्शा और एक यात्री बस को जब्त कर सुरक्षार्थ मांधाता थाने में खड़ा कराया गया।
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि यात्री वाहनों की सुरक्षा और नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए इस तरह के चेकिंग अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे। अधिकारियों ने वाहन संचालकों से सभी जरूरी दस्तावेज और सुरक्षा मानक पूरे रखने की अपील की है।
