खंडवा/ओंकारेश्वर। श्रावण माह के चतुर्थ सोमवार के अवसर पर तीर्थनगरी ओंकारेश्वर में भगवान ओंकारेश्वर और ममलेश्वर की भव्य सवारियां निकाली गईं। सवारी के दर्शन और धार्मिक आयोजन में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं कांवड़ यात्री ओंकारेश्वर पहुंचे।
श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ और सवारियों के भ्रमण को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए। ओंकारेश्वर के सभी प्रमुख पार्किंग स्थलों, पहुंच मार्गों, मुख्य बाजारों, चौराहों और मंदिर परिसर में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया।
पुलिसकर्मी लगातार भीड़ की निगरानी करते रहे और श्रद्धालुओं को सुगम आवागमन में सहयोग किया। सवारी मार्ग पर भी पुलिस जवान मुस्तैद रहे, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो और श्रद्धालुओं को सुरक्षित वातावरण मिल सके।
पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में तैनात बल ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा के साथ यातायात व्यवस्था को भी संभाला। धार्मिक आयोजन के दौरान पुलिसकर्मी श्रद्धालुओं की सेवा और सहायता के लिए पूरी तरह मुस्तैद रहे।
श्रावण सोमवार के चलते ओंकारेश्वर में दिनभर धार्मिक उत्साह का माहौल रहा। भगवान ओंकारेश्वर और ममलेश्वर की सवारियों के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह नजर आया।

