खंडवा। स्थायी वारंटियों की धरपकड़ के लिए खंडवा पुलिस द्वारा चलाया जा रहा “ऑपरेशन खोज” लगातार जारी है। अभियान के तहत पुलिस ने अलग-अलग मामलों में फरार चल रहे स्थायी वारंटियों की तलाश कर उन्हें गिरफ्तार किया और कुल चार स्थायी वारंट तामील किए।
पुलिस के अनुसार थाना पंधाना क्षेत्र के वाहन दुर्घटना और मारपीट के करीब छह वर्ष पुराने प्रकरण में स्थायी वारंटी अनिल पिता मोहनलाल, निवासी बंगाली कॉलोनी, खंडवा और शुभम पिता संतोष, निवासी इंदौर नाका, खंडवा लंबे समय से फरार थे। दोनों ने अपना पता बदलकर पहचान छिपाते हुए रहने की कोशिश की। पुलिस टीम ने तलाश कर दोनों को गिरफ्तार किया और संबंधित वारंट तामील किए।
इसी तरह थाना कोतवाली क्षेत्र में चेक बाउंस और आर्म्स एक्ट के प्रकरण में स्थायी वारंटी करण पिता नानू, निवासी ग्राम बेड़ियांव को गिरफ्तार कर वारंट तामील किया गया।
पुलिस का कहना है कि स्थायी वारंटियों की तलाश के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा। कार्रवाई में प्रधान आरक्षक रफीक खान, प्रधान आरक्षक विनायक और आरक्षक प्रकाश की भूमिका रही।
