खंडवा। पंधाना रोड स्थित सब्जी मंडी में सोमवार सुबह व्यापारियों ने एक युवक को कथित तौर पर सब्जी चोरी करते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। व्यापारियों का आरोप है कि युवक पहले भी मंडी से सब्जियों की पोटली चोरी कर चुका है। उस पर करीब 10 हजार रुपये की सब्जी चोरी करने का आरोप लगाया गया है।
मंडी के सुरक्षा गार्ड स्टाफ के शुभम यादव ने संदिग्ध युवक को पकड़कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को अपने साथ ले गई। पूछताछ में युवक ने अपना नाम प्रफुल्ल तिवारी निवासी इटावा, उत्तर प्रदेश बताया। उसने पुलिस को बताया कि वह प्लेटफॉर्म नंबर-6 पर रहता है।
युवक को पुलिस वाहन में ले जाते समय कुछ अन्य फरियादी भी उसके खिलाफ शिकायत दर्ज कराने के लिए पुलिस के साथ रवाना हुए। व्यापारियों का कहना है कि मंडी में सुबह के समय कई संदिग्ध लोग सक्रिय रहते हैं, जो किसानों और व्यापारियों की नजर बचाकर सामान लेकर निकल जाते हैं।
मंडी में लगातार चोरी की शिकायतों के बीच युवक के पकड़े जाने से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। व्यापारियों ने मंडी में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, संदिग्ध लोगों की निगरानी बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
