खंडवा। रक्षाबंधन पर्व से पहले लियो क्लब की ओर से ग्रीन रश प्रोजेक्ट के तहत जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य लोगों को पर्यावरण संरक्षण और प्लास्टिक के कम उपयोग के प्रति जागरूक करना रहा।
क्लब सदस्यों ने बाजार में रक्षाबंधन की खरीदारी करने पहुंचे लोगों से संवाद किया और उन्हें पर्यावरण के अनुकूल विकल्प अपनाने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान विभिन्न दुकानों पर जाकर ईको-फ्रेंडली थैलियों का वितरण किया गया।
क्लब सदस्यों ने लोगों से अपील की कि त्योहारों के दौरान खरीदारी करते समय प्लास्टिक की थैलियों के बजाय कपड़े, कागज या अन्य पर्यावरण-अनुकूल थैलियों का उपयोग करें। उन्होंने बताया कि छोटे-छोटे बदलावों से भी पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।
अभियान के दौरान दुकानदारों और ग्राहकों ने भी पहल की सराहना की। क्लब सदस्यों ने कहा कि त्योहारों को उत्साह के साथ मनाने के साथ पर्यावरण की जिम्मेदारी निभाना भी जरूरी है।
