खंडवा। बढ़ती महंगाई के विरोध में कांग्रेस ने रविवार को खंडवा में अनोखे अंदाज में प्रदर्शन किया। शहर कांग्रेस के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता गांधी भवन से केवलराम चौराहे तक पहुंचे और केंद्र व प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान एक युवक ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मुखौटा पहन रखा था। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उसका राशन सामग्री से तुलादान कर महंगाई के मुद्दे पर सरकार के खिलाफ विरोध जताया। इस दौरान कुछ कांग्रेस नेताओं ने शक्कर की माला पहनकर भी प्रदर्शन किया।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि बढ़ती महंगाई का सीधा असर आम लोगों के घरेलू बजट पर पड़ रहा है। खाद्य सामग्री और रोजमर्रा की जरूरतों की कीमतों में बढ़ोतरी से आम परिवारों को आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महंगाई पर सरकार की नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और आम जनता को राहत देने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि महंगाई के मुद्दे को लेकर कांग्रेस आगे भी जनता के बीच जाकर सरकार की नीतियों का विरोध करेगी। प्रदर्शन के दौरान पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
