खंडवा। सिंधी कॉलोनी स्थित प्राचीन श्री झूलेलाल मंदिर में चालिहा पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। श्री झूलेलाल नवयुवक मंडल एवं श्री झूलेलाल समर्थ पैनल के संयुक्त तत्वावधान में समाजजनों द्वारा कठिन उपवास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में गुरुवार को भगवान श्री झूलेलाल साईं को छप्पन भोग अर्पित किया गया।

श्री झूलेलाल समर्थ पैनल के अध्यक्ष प्रदीप कोटवानी एवं प्रवक्ता निर्मल मंगवानी ने बताया कि पैनल की ओर से ‘तहिंजो डिन्ल मा तोखे खाराया’ कार्यक्रम के तहत मंदिर परिसर में छप्पन भोग का आयोजन किया गया। रात 7 बजे से समाजजन मंदिर में एकत्रित हुए। अख्खा, आरती और भजनों के बाद भगवान श्री झूलेलाल को विभिन्न प्रकार के मिष्ठानों से तैयार 56 व्यंजनों का भोग लगाया गया। पल्लो के बाद छप्पन भोग एवं महाप्रसाद का वितरण किया गया।
कार्यक्रम के दौरान प्रजापिता ब्रह्माकुमारी विश्वविद्यालय, खंडवा से पहुंची दीदियों ने उपस्थित समाजजनों को नशा मुक्ति महाअभियान के तहत नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई। श्रद्धालुओं ने प्रदेश में हरियाली, खुशहाली, मंगल एवं पर्याप्त वर्षा की कामना करते हुए भगवान झूलेलाल से अरदास की।

छप्पन भोग के दौरान संगीतमय भजनों और गीतों की प्रस्तुतियों ने माहौल भक्तिमय कर दिया। श्रद्धालु भजनों पर जमकर झूमे। आयोजन में श्री पूज्य सिंधी पंचायत, श्री झूलेलाल नवयुवक मंडल, श्री झूलेलाल समर्थ पैनल एवं श्री पिपलेश्वर झूलेलाल भजन मंडली के पदाधिकारी और सदस्य सहित बड़ी संख्या में समाजजन, महिलाएं और बच्चे मौजूद रहे।

