खंडवा। आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस-प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में अधिकारियों ने 24 अगस्त को निकलने वाले शिव डोले और ईद मिलादुन्नबी के जुलूस के निर्धारित रूट का निरीक्षण किया।
सिटी मजिस्ट्रेट बजरंग बहादुर, नगर पुलिस अधीक्षक अभिनव बारंगे, मोघट थाना प्रभारी विकास खिंची, रामेश्वर चौकी प्रभारी सहित पुलिस अधिकारी और कर्मचारियों ने दोनों जुलूसों के मार्ग का जायजा लिया। अधिकारियों ने मार्ग की व्यवस्थाओं और सुरक्षा से जुड़े आवश्यक बिंदुओं का निरीक्षण किया।

इस दौरान जुलूस आयोजकों से चर्चा कर उन्हें प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमों का पालन करने की समझाइश दी गई। अधिकारियों ने कहा कि जुलूस के दौरान किसी भी प्रकार के आपत्तिजनक नारे, बैनर या पोस्टर का उपयोग नहीं किया जाए और सभी आयोजनों को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराया जाए।
पुलिस-प्रशासन ने आयोजकों और नागरिकों से त्योहारों के दौरान आपसी भाईचारा बनाए रखने तथा कानून-व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान शांति और सौहार्द बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

