हनुवंतिया, सैलानी टापू और ओंकारेश्वर में नावों का होगा सुरक्षा ऑडिट

हनुवंतिया, सैलानी टापू और ओंकारेश्वर में नावों का होगा सुरक्षा ऑडिट

हनुवंतिया, सैलानी टापू और ओंकारेश्वर में नावों का होगा सुरक्षा ऑडिट

खंडवा। जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों हनुवंतिया टापू, सैलानी टापू और ओंकारेश्वर में नर्मदा नदी पर संचालित नावों की सुरक्षा व्यवस्था की जांच के लिए जिला प्रशासन ने समिति गठित की है। समिति को नावों का सुरक्षा ऑडिट कर व्यवस्थाओं की कमियों की पहचान करने की जिम्मेदारी दी गई है।

कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता ने समिति के सदस्यों को निर्देश दिए हैं कि मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड से आवश्यक तकनीकी सहायता लेते हुए पर्यटन विभाग के दिशा-निर्देशों के अनुसार तीनों स्थलों का निरीक्षण करें। नावों की सुरक्षा से जुड़े सभी आवश्यक मानकों की जांच कर 15 दिन के भीतर सुरक्षा ऑडिट पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।

इन अधिकारियों को मिली जिम्मेदारी

गठित समिति में मूंदी और ओंकारेश्वर के मुख्य नगर पालिका अधिकारी, पुनासा और मूंदी के तहसीलदार, ओंकारेश्वर और मूंदी के थाना प्रभारी तथा होमगार्ड्स के कंपनी कमांडर को शामिल किया गया है।

समिति नावों की स्थिति, संचालन व्यवस्था और यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े आवश्यक इंतजामों का परीक्षण करेगी। ऑडिट के दौरान सामने आने वाली कमियों के आधार पर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

प्रशासन का उद्देश्य पर्यटन स्थलों पर नौका संचालन को सुरक्षित बनाना और नर्मदा नदी में नावों से यात्रा करने वाले पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।