20 अगस्त से 15 सितंबर तक चलेगा एग्रीस्टेक, पैक्स सदस्यता एवं अग्रिम उर्वरक उठाव अभियान

20 अगस्त से 15 सितंबर तक चलेगा एग्रीस्टेक, पैक्स सदस्यता एवं अग्रिम उर्वरक उठाव अभियान

20 अगस्त से 15 सितंबर तक चलेगा एग्रीस्टेक, पैक्स सदस्यता एवं अग्रिम उर्वरक उठाव अभियान

खंडवा। रबी वर्ष 2026-27 में किसानों को आवश्यक उर्वरक समय पर उपलब्ध कराने और उर्वरकों के संतुलित एवं विवेकपूर्ण उपयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रदेशव्यापी “एग्रीस्टेक, पैक्स सदस्यता एवं अग्रिम उर्वरक उठाव अभियान” 20 अगस्त से 15 सितंबर तक आयोजित किया जाएगा।

उप संचालक कृषि श्री नितेश यादव ने बताया कि अभियान के दौरान किसानों की फार्मर आईडी बनवाने, बकेटिंग के लंबित प्रकरणों का निराकरण करने और अधिक से अधिक किसानों को पैक्स की सदस्यता दिलाने की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही ई-विकास प्रणाली के टोकन जनरेट करने सहित पोर्टल पर उपलब्ध विभिन्न सुविधाओं का लाभ किसानों तक पहुंचाया जाएगा।

अभियान के तहत किसानों को उनकी फसल की आवश्यकता के अनुसार उर्वरकों का अग्रिम उठाव करने के लिए भी प्रोत्साहित किया जाएगा। इससे रबी सीजन के दौरान उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ इनके संतुलित उपयोग को बढ़ावा मिलेगा।

अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारी

कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता ने अभियान के लिए मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत खंडवा को जिला स्तरीय नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। उप संचालक कृषि को जिला स्तरीय सहायक नोडल अधिकारी तथा सभी अनुविभागीय अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र के लिए सहायक नोडल अधिकारी बनाया गया है।

उप संचालक कृषि श्री यादव ने बताया कि अभियान के सफल संचालन के लिए कृषि एवं सहकारिता विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों को जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं। ग्राम पंचायत स्तर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

इन कार्यक्रमों में किसानों, जनप्रतिनिधियों और आमजन की अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारियों को व्यापक प्रचार-प्रसार की जिम्मेदारी दी गई है। अभियान के माध्यम से किसानों को एग्रीस्टेक पंजीयन, पैक्स सदस्यता और अग्रिम उर्वरक उठाव से संबंधित सुविधाओं एवं प्रक्रियाओं की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी।