खंडवा। शैक्षणिक सत्र 2026-27 में उच्च शिक्षा संस्थानों में प्रवेश से वंचित विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा विभाग ने एक और अवसर दिया है। स्नातक एवं स्नातकोत्तर कक्षाओं में रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए अतिरिक्त कॉलेज लेवल काउंसलिंग चरण 21 से 31 अगस्त तक आयोजित किया जाएगा। इस चरण में विद्यार्थियों को उपलब्ध रिक्त सीटों पर “पहले आओ, पहले पाओ” के आधार पर प्रवेश दिया जाएगा।
उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार प्रदेश के शासकीय, अनुदान प्राप्त अशासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों में उपलब्ध रिक्त सीटों पर निर्धारित अवधि में प्रवेश प्रक्रिया पूरी की जाएगी। महाविद्यालयों को पात्र विद्यार्थियों की प्रवेश प्रक्रिया समय-सीमा में पूर्ण कराने के साथ आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। 31 अगस्त के बाद इस चरण के तहत प्रवेश मान्य नहीं होगा।
एनसीटीई पाठ्यक्रमों के लिए द्वितीय अतिरिक्त चरण
शैक्षणिक सत्र 2026-27 में राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (एनसीटीई) पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए द्वितीय अतिरिक्त चरण की समय-सारणी भी जारी कर दी गई है। इसके तहत पंजीयन एवं आवेदन 20 से 24 अगस्त तक किए जा सकेंगे। पंजीकृत आवेदनों के दस्तावेजों का सत्यापन 20 से 25 अगस्त तक होगा।
दस्तावेज सत्यापन के बाद 27 अगस्त को मेरिट सूची जारी की जाएगी, जबकि 29 अगस्त को सीट आवंटन किया जाएगा। आवंटित विद्यार्थियों को 29 अगस्त से 2 सितंबर तक संबंधित हेल्प सेंटर पर मूल दस्तावेज एवं टीसी/माइग्रेशन प्रमाण-पत्र के साथ उपस्थित होकर भौतिक सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। साथ ही लिंक ई-केवाईसी भी कराना अनिवार्य होगा।
आवंटित महाविद्यालय में प्रवेश शुल्क का भुगतान 29 अगस्त से 3 सितंबर तक किया जा सकेगा। निर्धारित अंतिम तिथि तक शुल्क जमा करने वाले आवेदकों का ही प्रवेश मान्य होगा। शुल्क जमा नहीं करने की स्थिति में प्रवेश निरस्त माना जाएगा।
उच्च शिक्षा विभाग ने सभी संबंधित महाविद्यालयों को प्रवेश प्रक्रिया निर्धारित समय-सारणी के अनुसार सुचारु एवं समयबद्ध रूप से संचालित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही विद्यार्थियों को प्रवेश संबंधी आवश्यक जानकारी और मार्गदर्शन उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया है, ताकि कोई भी पात्र विद्यार्थी प्रवेश के अवसर से वंचित न रहे।
