12 सितंबर की नेशनल लोक अदालत की तैयारियों की समीक्षा, लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण पर जोर

12 सितंबर की नेशनल लोक अदालत की तैयारियों की समीक्षा, लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण पर जोर

12 सितंबर की नेशनल लोक अदालत की तैयारियों की समीक्षा, लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण पर जोर

खंडवा। मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार आगामी 12 सितंबर को जिला एवं सत्र न्यायालय खंडवा के साथ तहसील सिविल न्यायालय हरसूद एवं पुनासा में नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इसकी तैयारियों को लेकर गुरुवार को जिला एवं सत्र न्यायालय खंडवा में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री संजीव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में सभी न्यायाधीशों की समीक्षा बैठक आयोजित हुई।

बैठक में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने अधिक से अधिक राजीनामा योग्य एवं समझौता योग्य लंबित प्रकरणों का आपसी सहमति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में निराकरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने ऐसे प्रकरणों की पहचान कर पक्षकारों के बीच संवाद और समझौते की संभावनाओं को बढ़ावा देने के निर्देश दिए, ताकि लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण हो सके और पक्षकारों को त्वरित एवं सुलभ न्याय मिल सके।

बैठक में धारा 138 परक्राम्य लिखत अधिनियम के तहत चेक बाउंस प्रकरण, मोटर दुर्घटना दावा मामले, वैवाहिक एवं पारिवारिक विवाद, श्रम विवाद, बैंक ऋण एवं वसूली संबंधी मामले, विद्युत एवं जल बिल से जुड़े प्रकरण, राजस्व प्रकरण तथा अन्य राजीनामा योग्य दीवानी एवं आपराधिक मामलों के निराकरण को लेकर चर्चा की गई।

इसके साथ ही प्री-लिटिगेशन प्रकरणों में भी पक्षकारों को आपसी समझौते के माध्यम से विवाद का समाधान करने के लिए प्रेरित करने पर बल दिया गया।

बैठक में विशेष न्यायाधीश श्री उत्सव चतुर्वेदी, प्रधान न्यायाधीश कुटुम्ब न्यायालय श्री योगराज उपाध्याय, जिला न्यायाधीश श्री अनिल चौधरी, श्री आशीष प्रताप सिंह, श्री अरविंद सिंह टेकाम, श्री वीरेंद्र जोशी, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री ठाकुर प्रसाद मालवीय, जिला रजिस्ट्रार श्री अरविंद सिंह, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री पीयूष भावे सहित अन्य न्यायाधीश उपस्थित रहे।