खंडवा। आयुष्मान भारत योजना के तहत खंडवा जिले की एक प्रसूता का हृदय रोग का उपचार और ऑपरेशन पूरी तरह निशुल्क किया गया। ग्राम खुटफल निवासी गुलाब बाई पति पप्पू को प्रसव के कुछ दिन बाद सांस लेने में परेशानी हुई, जिसके बाद जांच में हृदय संबंधी बीमारी का पता चला।
गुलाब बाई ने 2 जून को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जावर में स्वस्थ शिशु को जन्म दिया था। प्रसव के कुछ दिन बाद आशा कार्यकर्ता मीरा पवार और आशा सुपरवाइजर शबनम ने उनके घर पहुंचकर स्वास्थ्य संबंधी जानकारी ली। इस दौरान गुलाब बाई ने सांस लेने में तकलीफ की जानकारी दी।
इसके बाद उन्हें जिला अस्पताल खंडवा में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने सोनोग्राफी और ईसीजी सहित आवश्यक जांच कराई। जांच में हृदय संबंधी समस्या सामने आने पर उन्हें हाईरिस्क श्रेणी में रखा गया और बेहतर उपचार के लिए इंदौर रेफर किया गया।
गुलाब बाई को सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल इंदौर में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने हृदय रोग का उपचार और सर्जरी की। गुलाब बाई आयुष्मान कार्डधारी थीं, इसलिए आयुष्मान भारत योजना के तहत उनका पूरा इलाज और ऑपरेशन निशुल्क हुआ। उपचार के दौरान परिवार को किसी प्रकार का खर्च नहीं करना पड़ा।
इलाज के बाद गुलाब बाई और उनका बच्चा दोनों स्वस्थ हैं। गुलाब बाई ने आयुष्मान भारत योजना के तहत निशुल्क हृदय सर्जरी होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त किया।
